अग्रोहा (हिसार)। सरकारी स्कूल के छात्रावास में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में परिजन छात्रा को अपने घर ले गए। छात्रा शनिवार को स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों ने बताया कि छात्रा अभी सदमे में है। हम अभी उसे स्कूल नहीं भेजेंगे। हमारी बेटी को न्याय मिलना चाहिए। न्याय के लिए हर एक अधिकारी से गुहार लगा रहे हैं।
अग्रोहा के सरकारी स्कूल में छात्रा से स्कूल के चौकीदार ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले में अभी चौकीदार की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में पीड़िता की मां ने कहा कि हमारी बेटी के साथ गलत हुआ है। हम दोषी को सजा दिलाकर रहेंगे। अगर दोषी को सजा नहीं दिलाई तो यह भविष्य में फिर से किसी की बेटी के साथ गंदी हरकत करेगा।
स्कूलों में सुरक्षित नहीं होंगी तो बेटियां कहां जाएंगी
पीड़िता की मां ने कहा कि स्कूलों में भी अगर बेटियां सुरक्षित नहीं होगी तो हम कहां जाएंगे। हमने शिक्षा विभाग तथा पुलिस दोनों को शिकायत की है। चौकीदार को बचाने की कोशिश की जा रही है। स्कूल के कुछ शिक्षक, स्टाफ सदस्य उसे बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अभी मामले की जांच जारी है। सोमवार को छात्रावास की सभी छात्राओं को बुलाया गया है और उनसे बातचीत की जाएगी। इस दौरान विभाग की ओर से डीईओ, एपीसी, बीईओ और महिला प्राचार्य मौजूद रहेंगी। मामले की रिपोर्ट भी सोमवार को ही सौंप दी जाएगी।-विजेंद्र, डीपीसी