हिसार में एनएच के किनारे गिरा पेड़।
सिवानी मंडी। क्षेत्र में रविवार रात चली आंधी व बारिश के कारण सैकड़ों पेड़ गिर गए। कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध हो गया। खेतों में लगाए गए सौर ऊर्जा के पैनल भी उड़ गए। करीब 2 घंटे तक चली आंधी के कारण बिजली निगम के सीसी खंभे सड़कों से लेकर लोगों के घरों तक में जाकर गिर गए।
इस कारण सिवानी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ठप रही। इस कारण पूरा दिन लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। लोग उमस भरी गर्मी में परेशानियों का सामना करते रहे। तमाम प्रयासों के बावजूद बिजली निगम सोमवार शाम तक ही अधिकतर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बहाल कर सका।
क्षेत्र में रविवार रात अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। कई मार्गों पर पेड़ और बिजली के सीसी खंभे तार सहित टूट गए। बारिश के कारण सिवानी में रविवार रात को एक बार जलभराव भी हुआ लेकिन जलापूर्ति विभाग व नगरपालिका की सतर्कता के कारण सोमवार सुबह तक शहर में जमा हुआ पानी को बाहर निकाल लिया गया।
नगर के वार्ड संख्या 5 में बिजली के खंभे गलियों में तो पड़े दिखाई दिए। एक खंभा टूटकर घर के अंदर तक पहुंच गया। गांव बड़वा में पक्षियों के लिए बनाया जा रहा करीब 8 मंजिला आशियाना भी गिर गया। इससे आंगनबाड़ी केंद्र के भवन को भी काफी नुकसान हुआ है। गांव बड़वा में कई स्थानों पर बिजली के खंभे ट्रांसफार्मर के साथ सड़कों पर गिरे मिले। इससे मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध रहा।
इसी गांव में स्थित साहलेवाला कॉलोनी में कई शेड गिरने के कारण कई पशुओं की भी जान हानि हुई है। खेतों में लगाए गए सोलर पैनल उड़ने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। बिजली निगम के कर्मचारी रविवार रात से ही व्यवस्थाओं को काबू करने में जुट गए लेकिन सोमवार शाम तक कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।