बालसमंद क्षेत्र के खेतों में लगी आग बुझाते ग्रामीण और दमकलकर्मी।
बालसमंद। क्षेत्र में सोमवार देर शाम तेज आंधी के दौरान लगी आग ने सैकड़ों एकड़ में फसल अवशेष (फाने) को राख कर दिया। दमकल भी देरी से पहुंची। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज हवा के चलते लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। आग में फसल अवशेष जलने से पशुओं के चारे की समस्या भी बढ़ गई है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान कम हो सकता था।
किसान नेता सुरेंद्र आर्य, संदीप, रमेश, मुकेश और रामचंद्र ने बताया कि नुकसान का सही आकलन मंगलवार सुबह तक ही हो सकेगा। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और रात करीब 10:30 बजे नायब तहसीलदार अजय कुमार ने पटवारियों के साथ मौके का मुआयना किया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और किसान मुआवजे की मांग कर रहे हैं।