हिसार। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की ओर से संचालित सात सामुदायिक रेडियो स्टेशन कृषि क्षेत्र से जुड़ी नवीनतम जानकारियां, प्रौद्योगिकियों, नवाचारों व मौसम संबंधित सूचनाओं के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके द्वारा विश्वविद्यालय की नवीनतम शोध संबंधित जानकारियां प्रदान की जा रही है। ये विचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने वीरवार को सामुदायिक रेडियो स्टेशन से संबंधित नेशनल फर्टीलाइजर लिमिटेड, पानीपत से समझौते के दौरान कही।
कुलपति प्रो. कांबोज ने कहा कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय देश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय है, जिसके पास सात सामुदायिक रेडियो स्टेशन सिरसा, हिसार, जींद, पानीपत, रोहतक, झज्जर व कुरुक्षेत्र में कार्यरत हैं। इस समझौते के तहत विवि नेशनल फर्टीलाइजर लिमिटेड के सहयोग से पीएम प्रणाम योजना के तहत रसायनिक उर्वरकों के उचित उपयोग से संबंधित कार्यक्रमों का प्रसारण करेगा। कुलपति ने कहा कि इसके प्रचार-प्रसार से किसान रसायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग करके भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाएंगे।
मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. मंजू महता ने बताया कि कुलपति प्रो. कांबोज की उपस्थिति में विश्वविद्यालय की ओर से समझौता ज्ञापन पर विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल व सह विस्तार निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार यादव ने हस्ताक्षर किए, जबकि नेशनल फर्टीलाइजर लिमिटेड की ओर से पानीपत स्थित ह्यूमन रिसोर्स डेवलेपमेंट के डिप्टी मैनेजर कुलवंत सिंह पंवार और वित्तीय एवं प्रबंधन में असिस्टेंट मैनेजर कनिका ठाकुर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल ने बताया कि पीएम प्रणाम योजना के तहत आधे घंटे के कुल 180 प्रोग्राम प्रति रेडियो स्टेशन के हिसाब से कुल 1260 कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे। इस योजना के तहत विश्वविद्यालय को कुल 50.40 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, एसवीसी कपिल अरोड़ा सहित नेशनल फर्टीलाइजर लिमिटेड के अधिकारीगण मौजूद रहे।