पंजाब में खेती और उत्पादन पर मॉनसून का असर
- फोटो : फाइल फोटो
एचएयू में आयोजित कृषि मेले में सिरसा के एक किसान ने ऑटोमेटिक तरीके से ऊंट से स्प्रे करने की तकनीक ईजाद की है। ऊंट के ऊपर लगाई जाने वाली इस मशीन को ऊंट के शारीरिक ढांचे में इस तरह बांधा गया था कि जब ऊंट चलता तो स्प्रिंग के सहारे स्प्रे का पंप अपने आप चलने लगता। जिससे खेत में स्प्रे हो जाती और वो भी प्रभावशाली ढंग से। सिरसा के गांव द्योतड़ के किसान देवीलाल की इस देसी जुगाड़ से बनाया गया ऊंट स्प्रे को देखकर सभी किसान कायल हो गए।
एक आदमी आसानी से स्प्रे कर सके, ऐसी मशीन बनानी थी
देवीलाल ने बताया कि वे ड्रम से स्प्रे करते थे। लेकिन इससे एक एकड़ में स्प्रे करने में एक घंटा लग जाता था। उनके पास साढ़े 10 एकड़ जमीन है, जिसमें एक आदमी को स्प्रे करने में मुश्किल आती थी। इसके बाद किराए पर ट्रैक्टर लाकर उससे स्प्रे की। लेकिन दूर तक पाइप खींचने में परेशानी के साथ-साथ मजदूर भी लगाने पड़ते थे। इसके बाद आइडिया आया कि कैसे एक ही आदमी द्वारा आसानी से स्प्रे की जा सकती है।
15 हजार में बनाई जा सकती है मशीन
उन्होंने बताया कि 18 हजार में एक ऊंट खरीदा और आइडिया के अनुरूप मशीन बनवाई। मशीन को कई बार मिस्त्री से ऊंट के अनुरूप सेट करवाया, जिसके कारण सामान्य से अधिक करीब 23 हजार रुपये का खर्च आया। उन्होंने बताया कि अगर अब इस मशीन को बनाया जाए तो केवल 15 हजार रुपये में बनाया जा सकता है।
15 से 20 मिनट में एक एकड़ में हो जाती है स्प्रे
देवीलाल के इस आइडिया से ऊंट द्वारा 15 से 20 मिनट में एक एकड़ में स्प्रे की जा सकती है। गांव के अन्य लोग उनसे ऊंट और मशीन मांगकर ले जाते हैं। मेले मेें आए किसान देवीलाल की इस खोज को देखकर हैरान हो गए। हर कोई उसकी फोटो लेने व देवीलाल से जानकारी लेने में लगा रहा। किसानों ने इस खोज के लिए देवीलाल की खूब तारीफ की। देवीलाल ने बताया कि अब वे यूरिया डालने के लिए भी इसी तरह की मशीन बनाने पर काम करेंगे।