एचटेट लेवल 3 की शनिवार को हुई परीक्षा में महिलाओं के एडमिट कार्ड में पिता का नाम तथा आईडी प्रूफ में पति का नाम होने के कारण कई महिलाओं को एंट्री नहीं करने दी गई। मामले में पुलिस व परीक्षार्थियों के बीच खूब विवाद हुआ। महिला परीक्षार्थियों ने पुलिस वालों को अज्ञानी बताते हुए उन पर अभद्र व्यवहार करने तक का आरोप लगाया। काफी देर हुई बहस के बाद पुलिस ने परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया।
शहर के तोशाम रोड स्थित एक स्कूल में एचटेट की लेवल थ्री की परीक्षा थी। स्कूल में एंट्री के दौरान कुछ महिला परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड में पति का नाम दर्ज था। वहीं आईडी प्रूफ मेें पति का नाम था। हालांकि एडमिट कार्ड तथा आईडी प्रूफ में परीक्षार्थी की फोटो, नाम आदि का मिलान हो रहा था।
दोनों में पिता और पति के नाम होने के चलते पुलिस ने परीक्षार्थियों को अंदर नहीं जाने दिया। इस पर परीक्षार्थियों एवं साथ आए लोगों ने पुलिस के अधूरे ज्ञान को लेकर सवाल खड़े करते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर बाद मामला शांत हुआ और परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया।
सख्त चेकिंग के डर से मंगलसूत्र तक नहीं पहन कर आई महिलाएं
पिछली बार हुई एचटेट की परीक्षा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र तक उतरवा लिए गए थे। किसी भी अभ्यर्थी को कोई भी आभूषण पहनकर अंदर नहीं जाने दिया गया था। अभ्यर्थियों को इस बात का अहसास पहले से ही था कि इस बार भी सख्त चेकिंग होगी। इसलिए अधिकतर महिला परीक्षार्थी आभूषण ही नहीं पहन कर आई। महिलाओं में चेकिंग को लेकर इतना डर था कि वे मंगलसूत्र तक नहीं पहन कर आईं।
एचटेट लेवल 3 की परीक्षा देने से पहले परीक्षार्थियों ने भगवान से दुआएं मांगी। कोई मंदिर गया तो कोई मस्जिद। तो किसी ने स्कूल कॉलेजों में मां सरस्वती से परीक्षा के बेहतर होने की कामना की। राजकीय कॉलेज में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने से पहले कॉलेज स्थित मजार पर दुआएं मांगी।
कहीं हर्ष, कहीं मायूसी...
परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थियों के चेहरे पर कुछ खास रौनक नहीं दिखी। किसी के लिए पेपर आसान था तो किसी के लिए बेहद मुश्किल। जिन्होंने पेेपर आसन बताया उनके चेहरे पर खुशी भी साफ झलक रही थी। लेकिन जिन्होंने पेपर मुश्किल बताया उनके चेहरे उतरे हुए थे। अधिकतर विद्यार्थियों ने बताया कि हिंदी व्याकरण कठिन थी।