हिसार। नहरबंदी लागू हो गई है। इसके तहत अब 22 अप्रैल तक नहरों में पानी नहीं आएगा। इसे देखते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सोमवार से सेक्टरों में पेयजल सप्लाई में कटौती करेगा। अधिकारियों की मानें तो पेयजल सप्लाई में 25 प्रतिशत तक कटौती की जाएगी। एक सप्ताह बाद जलघरों की स्थिति देखी जाएगी और फिर उसके आधार पर निर्णय लिया जाएगा। अगर ज्यादा कटौती करने की जरूरत पड़ी तो वह भी की जाएगी।
शहर के सभी सेक्टरों में दो जलघरों से पेयजल सप्लाई किया जाता है। शहर के सेक्टर 9-11, अर्बन एस्टेट टू, सेक्टर 13, सेक्टर 15, सेक्टर 16-17 व पीएलए को तोशाम रोड जलघर से पेयजल आपूर्ति की जाती है। वहीं सेक्टर 14, सेक्टर 14 पार्ट टू व 33 को सिरसा रोड जलघर से पानी सप्लाई किया जाता है। शहर के सभी सेक्टरों में पेयजल के करीब 15 हजार कनेक्शन हैं। इन्हें प्रतिदिन 41 लाख गैलन पेयजल सप्लाई किया जाता है।
पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
इस दौरान सेक्टरों में पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों की मानें तो अगर सेक्टर में कोई व्यक्ति पानी का दुरुपयोग करता हुआ मिलता है तो उस पर जुर्माने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा अधिकारी सोमवार को घराें के आगे बनाए पार्कों में लिए गए पानी के अवैध कनेक्शनों पर भी कार्रवाई करेंगे।
अभी एक सप्ताह तक पेयजल आपूर्ति में 25 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। एक सप्ताह बाद स्थिति का आकलन कर फैसला लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वह पानी का दुुरुपयोग न करें। - राजेंद्र, एसडीओ, एचएसवीपी