हांसी में प्रशिक्षण शिविर के दौरान उपस्थित छात्राएं व अन्य।
हांसी। हिसार चुंगी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में निपुण हरियाणा मिशन के तहत एफएलएन के तहत चल रहे ग्रीष्मकालीन पांच दिवसीय प्राथमिक अध्यापक प्रशिक्षण का समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में अनीता परिहार, निशा यादव, रेखा जांगड़ा, नीलम, मनोज रेड्डू, पूनम और मंजू शर्मा ने अध्यापकों को प्रभावी तरीकों और नई शिक्षण विधियां के माध्यम से पढ़ाने व गतिविधि आधारित शिक्षण बारे में विस्तार से बताया।
खंड एफएलएन समन्वयक सुनील बिसला ने बताया कि इस प्रशिक्षण में दूसरे जिलों से आए व खंड हांसी के 114 अध्यापकों ने भाग लिया। इसमें अध्यापकों ने हिंदी और गणित विषय के चार खंडीय मॉडल,वाचन कौशल, संख्यात्मक गतिविधियां, अकादमिक प्लान, नई शिक्षण अधिगम सामग्री का परिचय व प्रयोग, पाठ योजना व संपर्कशाला एप के कक्षा कक्ष व शिक्षण प्रक्रिया में बेहतर ढंग से इस्तेमाल बारे विस्तार से जाना। प्रतिभागियों ने समूह कार्य, प्रेजेंटेशन और बाल केंद्रित शिक्षण की रणनीतियों संबंधी गतिविधियों में भाग लिया। अंतिम दिन प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुनील शर्मा ने उनसे समुदाय और अभिभावकों के साथ निरंतर संपर्क में रहकर छात्र संख्या बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान जिला एफएलएन समन्वयक मनोज गर्ग, करनाल से जिला समन्वयक संपर्क फाउंडेशन पूजा, जिला समन्वयक हिसार बिष्णु मिश्रा और मास्टर अजय नामदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे।