हिसार। हिसार फुटबाल एसोसिएशन की ओर से जाट कॉलेज में लड़कों की अंडर-17 जिलास्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें जाट कॉलेज की टीम चैंपियन बनी। फाइनल मुकाबले में जाट कॉलेज की टीम ने मसूदपुर ए की टीम को 2-1 से हराया।
विजेता टीम को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया गया है। जाट कॉलेज की टीम की ओर से राहुल और आर्यन ने 1-1 गोल कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि के रूप में जाट कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. कपेंद्र और डॉ. महेश ख्यालिया ने शिरकत की और खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेलने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत होती रहती है। परिणाम के बजाय इसमें सहभागिता जरूरी है। इसी से टीम भावना का विकास होगा। इसके लिए खेल भावना भी जरूरी है। खिलाड़ी को इन गुणों को अपने व्यक्तित्व में शामिल करना चाहिए।
इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जयपाल, शील, टूर्नामेंट के प्रवक्ता प्रवीण राजोरिया, राजेश प्रधान सुल्तानपुर, डॉ. नवीन कड़वासरा, सुंदर गंगवा, अनूप डीपीई, शील मलिक आदि मौजूद रहे।
बता दें, कि इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया था। इनमें जाट कॉलेज, सुल्तानपुर, मसूदपुर ए, प्रभुवाला, मसूदपुर बी, मय्यड़, भगाना, ढंढेरी, सातरोड और आजादनगर की टीमें शामिल रही।