सिवानी मंडी। खंड के दर्जनों गांवों में पेयजल और बिजली किल्लत पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। एसडीएम विजया मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का तय समय में समाधान सुनिश्चित किया जाए। बिजली निगम के एसडीओ को नलोई गांव की खराब केबल बदलने, आपूर्ति सुचारु करने और कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के निर्देश दिए।
एसडीएम की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील परिसर स्थित उपमंडल कार्यालय में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों और किसान सभा के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता कंवरपाल परिहार और कनिष्ठ अभियंता दीपक मलिक ने विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में पेयजल की नियमित आपूर्ति, जलाशयों और पेयजल टैंकों की सफाई, मुख्य पेयजल लाइन से अवैध कनेक्शन हटाने तथा सिंचाई के लिए नहरी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल ने बिजली निगम के अधिकारियों से मिलकर बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई।
किसान सभा नेता दयानंद पूनिया ने बताया कि देवसर फीडर के अंतर्गत बड़वा, ढाणी मिठ्ठी, ढाणी रामजस, ढाणी किशनलाल, नलोई, गुरेरा, किकराल, लीलस, मोतीपुरा माइनर के सैनीवास, मोतीपुरा, झुंपा कलां, झुंपा खुर्द, ढाणी भाकरां तथा ईशरवाल माइनर के मतानी, मिठ्ठी, मोरका और गरवां सहित कई गांवों में ग्रामीण पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। इस मौके पर अंतर कसवां, रामचंद्र फौजी, राजबीर सिहाग, मास्टर उमराव सिंह, बलवान, राजबीर सिंधु आदि उपस्थित रहे।