प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को हिसार में आयोजित राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में व्यापारियों के लिए कई रियायतें दीं, जिनमें सभी दालों से वेट समाप्त करने, गुड़ पर मार्केट फीस समाप्त करना और खल पर लगने वाले पांच प्रतिशत वेट को घटाकर दो प्रतिशत करने और कपास पर लगने वाली चार प्रतिशत मार्केट फीस को जिसे 31 जुलाई, 2014 तक 1.6 प्रतिशत किया गया है, उसे बढ़ाकर 2015 तक लागू करने घोषणा की।
अनाज मंडी में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में सीएम हुड्डा ने संबोधित किया कि जिले में जो व्यापारी सबसे ज्यादा टैक्स देंगे, प्रदेश सरकार उसका प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए चयन करके उन्हें सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में हिसार की मंडी में दो शौचालयों के निर्माण के साथ फड़ की मरम्मत करने का आश्वासन भी दिया, इसके अतिरिक्त उन्होंने क्षेत्र की दो गोशालाओं को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की और इसके साथ उन्हाेंने मंडी क्षेेत्र में बने स्कूल में खेल का मैदान उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर सरलीकरण खत्म करने के साथ-साथ छोटे व्यापारियाें एवं छोटे दुकानदारों को राहत प्रदान की है और प्रदेश में इंस्पेक्टरी राज खत्म किया है, जिस कारण निवेश एवं व्यापार के हित के लिए माहौल बनाया गया और इन सबके सुखद परिणाम आप सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि उनकी और उनकी सरकार की मनसा है कि प्रदेश में और सुव्यवस्थित ढंग से विकास किया जाए, ताकि प्रदेश देश में ही नहीं, अपितु विदेशों में भी अपना नाम कमाएं।