हिसार। महिला के साथ फोन पर गाली-गलौज करने, बदनामी का डर दिखाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों नया गांव निवासी सुखदेव, दीपक और पाबड़ा निवासी सोनू को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। इस संबंध में महिला ने अग्रोहा थाना पुलिस में 14 दिसंबर 2022 को केस दर्ज करवाया था।
साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी सुखदेव आजाद नगर स्थित एक सेंटर में होटल मैनेजमेंट का कोर्स करता था। शिकायत देने वाली महिला भी वहीं पर कोर्स करती थी। दोनों में कोर्स से संबंधित बातचीत होती थी। आरोपी सुखदेव ने महिला को शादी के लिए प्रपोज किया, लेकिन उसने मना कर दिया। ऐसे में आरोपी ने परिवार को जान से मारने व महिला की फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। आरोपी ने उसके भाई के पास अलग-अलग नंबरों से फोन करता और अपने दोस्त दीपक व सोनू से भी फोन करवाता। दीपक और सोनू ने अपने फोन से उक्त महिला व उसके भाई को फोन किए थे। दीपक ने मोबाइल से आरोपी सुखदेव की वीडियो बनाई और महिला के भाई के व्हाट्सएप पर भेज दी जिसमे आरोपी सुखदेव ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया और महिला के परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस टीम ने आरोपियों से वारदात में प्रयोग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।