हिसार। रोहतक के राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 31 अक्तूबर से 1 नवंबर तक आयोजित 21वीं हरियाणा सॉफ्टबॉल स्टेट चैंपियनशिप में हिसार की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में हिसार ने मेजबान रोहतक को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
हरियाणा सॉफ्टबॉल संघ के जिला सचिव चंद्रमोहन ने बताया कि हिसार की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले मुकाबले में सिरसा और दूसरे में फरीदाबाद को हराया। इसके बाद फाइनल में रोहतक को शिकस्त दी। संघ के महासचिव सतबीर सिंह सैनी ने विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों का स्वागत किया।
समापन समारोह में रोहतक के वार्ड- 8 की जिला परिषद सदस्य अंजू सैनी मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और आगामी सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
संघ के जिलाध्यक्ष रामचंद्र गंगवा, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य मनोज टाक माही, कुलदीप मक्कड़, बीरबल स्वामी आदि ने विजेता टीम को बधाई दी है।