हिसार। हिसार के सेक्टर-14 से रविवार शाम करीब छह बजे लापता हुई 10 वर्षीय बच्ची प्रियंका सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रोहतक में मिली। यह बच्ची रोहतक में पुराना रोहतक-हिसार रोड पर नहर के पास इंडस्ट्रियल एरिया में कार सवार रोहतक निवासी शेखर पाठक को दिखी थी। शेखर पाठक का उस रोड पर नट बोल्ट का व्यवसाय है।
एसपी बलवान सिंह राणा ने बताया कि शेखर से मिली जानकारी के अनुसार यह बच्ची उस रोड पर साइकिल हाथ में लिए पैदल चल रही थी। उस दौरान शेखर ने व्हाट्सएप पर वायरल हुई बच्ची की फोटो और संदेश को देखा तो इसे पहचानते हुए तुरंत इसके नाम से आवाज लगाई। इस पर बच्ची ने एकदम पीछे मुड़कर शेखर को देखा तो वह सन्न रह गई।
शेखर से बोली प्रियंका, वह रोहतक की रहने वाली
शेखर ने पूछताछ की तो बच्ची ने कहा कि वह हिसार से गुम हुई बच्ची नहीं है, बल्कि वह रोहतक की ही रहने वाली है। शेखर ने उस दौरान उससे पूछताछ की तो बच्ची ने बताया कि उसकी साइकिल का पिछला पहिया पंक्चर हो गया है। वह पंक्चर लगवाने के लिए दुकान ढूंढ रही है। उस दौरान शेखर ने बच्ची को अपने पास बिठा लिया और व्हाट्सएप पर वायरल फोटो के साथ दिए नंबर पर वीडियो कॉल कर उसके परिजनों से बच्ची की बात करवाई। इसके बाद इसकी सूचना रोहतक सीआईए और रोहतक पुलिस को सौंपी गई। वहां से इसकी सूचना हिसार पुलिस को दी गई।
इस तरह पहुंची हिसार से रोहतक
एसपी बलवान सिंह राणा ने बताया कि रविवार को बच्ची की माता ने उसे किसी बात पर डांट दिया था। उसी बात से नाराज होकर यह बच्ची रोहतक निकल पड़ी। एसपी ने बताया कि बच्ची के मामा का घर रोहतक के देवी नगर में है। हिसार से रोहतक जाते समय बच्ची के पास 40 रुपये थे। बच्ची ने इन 40 रुपये से हिसार में अंगूर खरीदे और अंगूर खाते हुए और पूरी रात ठंड में साइकिल चलाते-चलाते करीब 90 किमी. रोहतक पहुंच गई। बच्ची सेक्टर 14 के बाहर स्थित नागरिक अस्पताल रोड से होते हुए सीधा हाईवे पर पहुंची। इसके बाद हाईवे के रास्ते ही रोहतक पहुंच गई। एसपी ने कहा कि बच्ची को रात के समय अकेले देखकर किसी ने भी उससे पूछताछ तक नहीं की। फिलहाल बच्ची को रोहतक से हिसार उसके परिजनों के पास पहुंचा दिया गया है।
पुलिस हिसार में छानती रही खाक
बच्ची की तलाश में रविवार शाम से ही जिला पुलिस जगह-जगह तलाश करती रही। इस दौरान एसपी, एएसपी, डीएसपी सहित पुलिसकर्मी बच्ची की तलाश में हिसार के कई होटलों, धर्मशालाओं, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन सहित हर संभावित जगह पर जुटे रहे। इस दौरान कई लोगों से पूछताछ भी की गई।
ये हैं शेखर पाठक, गणतंत्र दिवस पर किया जाएगा सम्मानित
एसपी ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट पर मैनेजर दीपक रोहतक निवासी शेखर के बड़े साढू हैं। दीपक ने ही शेखर को बच्ची के लापता संबंधित संदेश व्हाट्सएप पर भेजा था। एसपी ने बताया कि 26 जनवरी को शेखर को इस कार्य के लिए प्रशासन से सम्मानित करवाया जाएगा।
बच्ची के पिता आर्मी में हैं नायक, असम में तैनाती
उल्लेखनीय है कि हिसार के सेक्टर-14 में रहने वाली प्रियंका के पिता अनिल ने पुलिस को बताया था कि वह मूलरूप से गगनखेड़ी गांव के रहने वाले हैं और करीब एक माह पूर्व ही हिसार के सेक्टर-14 में किराये के मकान में रहने आए थे। अनिल ने बताया था कि वह आर्मी में नायक हैं और फिलहाल उनकी असम में ड्यूटी है। उन्होंने बताया था कि उनकी 10 वर्षीय यह बच्ची रविवार शाम को घर के बाहर साइकिल चला रही थी। उस दौरान वह अचानक लापता हो गई।
आजाद नगर एरिया से भी लापता बच्चे दो दिन बाद मिले थे दिल्ली
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पूर्व भी आजाद नगर एरिया से दो भाई दिल्ली पहुंच गए थे। ये बच्चे अपने पड़ोसी के डर से घर से निकल गए थे। दरअसल शाम के समय खेलते वक्त पड़ोसी के घर के बाहर कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया था। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन्हें दिल्ली से बरामद किया था। यं दोनों दिल्ली जाते समय एक बार हांसी बस अड्डे पर भी रुके थे।
सीसीटीवी कैमरे में सिविल अस्पताल के बाहर से साइकिल पर जाती दिखाई दे रही बच्ची प्रियंका। - फोटो : Hisar