फतेहाबाद से साइकिल चलाकर हिसार आ रहे डीएसपी रतिया चंद्रपाल की हादसे में शनिवार को मौत हो गई थी। रविवार को उनके शव का मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया गया। वहीं पुलिस ने देर रात उस कार को सबरवास गांव के पास से बरामद कर लिया, जिससे हादसा हुआ। कार राजस्थान नंबर की है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
रतिया में तैनात डीएसपी चंद्रपाल शनिवार शाम करीब 5 बजे फतेहाबाद से हिसार आ रहे थे। वह रोजाना की तरह अपनी रेसिंग साइकिल पर सवार थे। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से पहले पुल के पास पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे चंद्रपाल साइकिल से उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर पर लगा साइकिलिंग हेलमेट भी खुलकर रोड की दूसरी ओर जा गिरा। उनके सिर में काफी चोट आई। उनकी साइकिल भी डिवाइडर पर अटक गई। राहगीरों ने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चंद्रपाल मूल रूप से फतेहाबाद के गांव झालनिया के निवासी थे और फिलहाल परिवार के साथ हिसार के सेक्टर-16 में रह रहे थे। अग्रोहा थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है। कार को बरामद कर लिया गया है।