हिसार। हिसार पुलिस ने अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को ठीक कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत मुख्य सड़कों पर नो पार्किंग व अवैध रूप से खड़े वाहनों पर की जाएगी। इसके तहत रविवार को नो पार्किंग में खड़े 5 वाहनों को क्रेन से उठाया गया।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि इस अभियान के तहत शहर के बाजारों या सड़कों पर अगर किसी ने नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा दिया तो ट्रैफिक पुलिस उस वाहन का चालान कर उसे क्रेन से उठा लेगी। शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि सड़कें वही हैं। ऐसे में कई लोग अपने वाहनों को सड़क पर ही कहीं भी पार्क कर जाते हैं। इसके कारण अन्य वाहनों को निकलने के लिए जगह नहीं बचती और फिर जाम लग जाता है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
ट्रैफिक पुलिस पहले भी नो पार्किंग के संबंध में जागरूकता अभियान चला चुकी है। मगर कुछ लोग नहीं मानते और वाहनों को कहीं भी बेतरतीब ढंग से खड़े कर देते हैं। शहर में मुख्यत: बस स्टैंड, तलाकी गेट, नागौरी गेट, पारिजातचोक, मटका चोक, कैंप चौक, डाबड़ा चौक और जिंदल चौक पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इन सभी स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त नियुक्ति कर व्यवस्था बनाई जा रही है।