हिसार-लुधियाना रेलवे ट्रैक पर बाधित हुआ रेल यातायात देररात एक बजे फिर से शुरू हो सका। रेल यातायात बाधित होने के चलते हिसार-अमृतसर पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से रवाना हुई।
हालांकि रविवार को सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से ही रवाना हुई। उधर रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम रविवार को भी जारी रहा।
यात्री रहे परेशान
त्योहार का दिन होने के चलते आम दिनों के मुकाबले इस ट्रेन में काफी भीड़ थी। ट्रेन के लेट चलने से यात्री काफी परेशान हुए। इस दौरान यात्री अपने परिजनों को फोन के माध्यम से घटना व ट्रेन लेट होने की सूचना देते नजर आए। जब ट्रेन दो घंटे की देरी से चली, तो यात्रियों ने थोड़ी राहत की सांस ली।
यह था मामला
शनिवार रात दस बजे के लगभग रायपुर स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के सामने अचानक एक सांड आ गया, जिससे ड्राइवर को अचानक ब्रेक लगाने पड़े। इस कारण से मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।
इस कारण से रेलवे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा। यह गाड़ी खेदड़ थर्मल प्लांट में कोयला देने के बाद मुगलसराय दिल्ली की तरफ जा रही थी। उधर मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन घटना स्थल पर पहुंची और डिब्बों को वापस पटरी पर रखा गया।