जिले में शुक्रवार को कोविड-19 से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। दो दिन में कोरोना से यह तीसरी मौत है। शुक्रवार को इस साल के एक दिन में रिकॉर्ड 35 कोरोना संक्रमित केस भी मिले हैं। इस साल के इन तीन माह में एक दिन में सबसे अधिक केस मिलने का आंकड़ा है।
ऐसे में विभाग ने भी अपील की है कि आमजन लापरवाही न बरतें और कोरोना के प्रति सतर्क रहें। इसी के साथ भीड़भाड़ वाले इलाके और शादी समारोह से परहेज करें और सामाजिक दूरी का ध्यान रखें।
यहां बनाए कोविड सेंटर
जिले में कोरोना केस बढ़ते देख स्वास्थ्य विभाग ने अब दोबारा से दो नए कोविड-19 केयर सेंटर बनाए हैं, जहां पर अधिकांश कोरोना मरीजों को रखा जाएगा। इनमें एक यादव धर्मशाला तो दूसरा जाट धर्मशाला को चुना गया है। विभाग का कहना है कि केस बढ़ रहे हैं और मरीजों का आंकड़ा भी बढने लगा है, इसलिए अभी केवल दो केयर सेंटर बनाए गए हैं। यदि कोरोना मरीज होम आइसोलेट का गलत फायदा उठाते हैं और लापरवाही बरतते पाए जाते हैं तो सभी को केयर सेंटर में रखा जाएगा। ऐसे में कोविड-19 केयर सेंटर की संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है।
जिले में 140 सक्रिय मरीज
जिले में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी बढ़कर 140 पर जा पहुंचा है। इनको मिलाकर जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 17346 हो गया है। इसके चलते कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों के रिकवरी रेट में भी काफी गिरावट आई है, जो अब घटकर 97.27 प्रतिशत हो गई है।
कैदियों के लिए होगी अलग व्यवस्था
विभाग के अनुसार विशेष तौर पर सभी संक्रमित कैदियों को अलग से जाट धर्मशाला में रखा जाएगा। इसके लिए वहां पर पुलिसकर्मी सहित सभी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा जिन मरीजों के घर पर जगह का अभाव होगा, ऐसे मरीजों की स्थिति के आधार पर उनको केयर सेंटर में रखा जाएगा। फिलहाल बाकी मरीजों को होम आइसोलेट ही किया गया है।
उम्र दराज मृतक अन्य गंभीर बीमारी से था ग्रस्त
विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार उम्र दराज 82 वर्षीय मृतक बरवाला के लक्ष्मी विहार क्षेत्र का रहने वाला था। मृतक का काफी समय से शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। कोरोना के अलावा वह निमोनिया, सांस की बीमारी सहित अन्य बीमारी से ग्रस्त था। ऐसे में गंभीर हालत के चलते वह वेंटिलेटर पर था, जिससे उसकी मौत हो गई।
ये मिले संक्रमित
फौजी अकादमी की आठ छात्राओं सहित 12 विद्यार्थी एवं
कमिश्नर ऑफिस के सुपरिंटेंडेंट सहित 35 संक्रमित
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार सेक्टर 9-11 का व्यवसायी, नियाना गांव का दुकानदार, साकेत कॉलोनी का किसान, बरवाला में अग्रसेन धर्मशाला के नजदीकी क्षेत्र की महिला, सेक्टर 14 का व्यवसायी, अर्बन एस्टेट-2 निवासी जीएसएल का कर्मी, आर्य नगर की घरेलू कामकाज करने वाली महिला, बिठमड़ा की छात्रा, उकलाना का मजदूर, दड़ौली की छात्रा, मॉडल टाउन का सीनियर सिटीजन, हांसी की फौजी अकादमी की आठ छात्राएं, रामपुरा मोहल्ले का कर्मी, डाया का मजदूर, सेक्टर-14 का छात्र, लघु सचिवालय निवासी कमिश्नर ऑफिस का सुपरिंटेंडेंट, सेक्टर-14 वासी राजस्थान का मेडिकल ऑफिसर, ठसका की 19 वर्षीय छात्रा, सेक्टर-24 की अध्यापिका, कर्मी एवं खरड़ का छात्र शामिल हैं।
तीन अज्ञात भी मिले
शुक्रवार को तीन अज्ञात संक्रमित मरीज भी मिले हैं, जिनका विभाग को अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। इसी के साथ बाकी अज्ञात मरीजों की तलाश की रिपोर्ट तैयार कर पुलिस का सहयोग लिया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द पहचान हो।
अभी केवल दो कोविड-19 केयर सेंटर बनाए हैं, जिनमें यादव धर्मशाला एवं जाट धर्मशाला शामिल हैं। शुक्रवार को मिले अधिकतर मरीजों को होम आइसोलेट ही रखा गया है।
- डॉ. जया गोयल, डिप्टी सीएमओ, आईडीएसपी इंचार्ज, हिसार।