हिसार। एडीजीपी श्रीकांत जाधव पुलिस लाइन में पुलिस कंपनी को प्रशिक्षण देते हुए । साथ में है एसप
हिसार। किसी भी आपात स्थिति में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मंडलस्तर पर दो अतिरिक्त पुलिस कंपनी तैनात की गई हैं। यह कंपनी चौबीस घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी। एडीजीपी श्रीकांत जाधव के नेतृत्व में पुलिस लाइन में तैनात दो पुलिस कंपनियों की रिहर्सल करवाई। ये कंपनियां आपात स्थिति में हिसार, हांसी, जींद, सिरसा और फतेहाबाद में सेवाएं देंगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया भी उपस्थित रहे।
एडीजीपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए हमारी दोनों कंपनियां हमेशा जिले में तैनात रहेंगी। इन्हें हर तरह की स्थिति से जूझने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कप्तान सिंह और डीएसपी सतपाल सिंह के नेतृत्व में जिले की इन पुलिस कंपनियों की हर सप्ताह दो रिहर्सल नियमित रूप में करवाई जाएंगी ताकि ये हमेशा तैयार रहे। हर पुलिस कंपनी में 107-107 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
एडीजीपी जाधव ने बताया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए हमेशा तैनात रहती है। आम हालात में पुलिस लोगों की सुरक्षा करने के साथ यातायात व्यवस्था, पेट्रोलिंग, अपराधियों को पकड़ने जैसे कार्य करती है परंतु पुलिस का कार्य आपदा की स्थिति में और पेचीदा हो जाता है। ऐसी स्थिति में पुलिस के पास कानून व्यवस्था के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी भी आ जाती है।
उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में हर पुलिसकर्मी का और संवेदनशील होना जरूरी हो जाता है। कई बार पुलिस का सामना असामान्य परिस्थिति से होता है तो ऐसे में आपको अपने साथी कर्मी के साथ सामंजस्य बैठा कर स्थिति को नियंत्रित करना होगा। स्थिति जितनी विकट होगी उतना ही आप पर मानसिक दबाव अधिक होगा। ऐसे में आपको और अधिक धैर्य से काम लेना होगा।
हिसार संवेदनशील जिला, कई बार हालात हो जाते हैं विकट
हिसार जिला संवेदनशील है। यहां किसान आंदोलन, रोड जाम, कर्मचारी संगठनों के विरोध प्रदर्शन, राजनीतिक दलों के प्रदर्शन होते रहते हैं। जिसमें कई बार हालात काफी विकट बन जाते हैं। ऐसे हालात से निपटने के लिए यह कंपनी तुरंत मौके पर भेजी जाएंगी। इन कंपनी में तैनात पुलिसकर्मियों को लगातार रिहर्सल कराई जाएगी। शारीरिक के अलावा मानसिक तौर पर भी ट्रेंड किया जाएगा।