प्रशासन को लेकर राजनीतिक मंच से खिंचाई किए जाने के बाद प्रशासनिक तौर पर हलचल दिखी। अवकाश से लौटे डीसी निखिल गजराज ने वीरवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का मुआयना किया। सीएम की घोषणा के कार्यों की समीक्षा की।
रविवार को राजनीतिक मंच से हिसार प्रशासन को लेकर जबरदस्त तरीके से हमले किए गए थे। अधिकारियों को निशाने पर लेकर उन्हें काम न करने पर यहां से बदली कराने के लिए कहा गया। डीसी का नाम लेकर उन्हें भी निशाना बनाया गया। शहर में काम न होने के लिए सीधे तौर पर प्रशासनिक अधिकारियों व मेयर को जिम्मेदार ठहराया गया। वीरवार को डीसी निखिल गजराज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करने निकले। डीसी ने सबसे पहले राजगढ़ रोड पर गवर्नमेंट कॉलेज के पास अधूरे पडे़ एस्ट्रोटर्फ को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक महीने में इस काम को पूरा करें।
गौ अभयारण्य, एसडब्ल्यूएम प्लांट एरिया का किया निरीक्षण
डीसी ने ढंढूर गांव के पास 50 एकड़ में प्रस्तावित गौ अभयारण्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थायी अभयारण्य बनने तक यहां वैकल्पिक व्यवस्था शुरू करें। एक सप्ताह में शहर की समाज सेवी संस्थाओं की समिति का गठन किया जाए। डीसी ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट एरिया का मुआयना किया। डीसी ने कहा कि उचित कचरा निपटान किया जाए। दो जेसीबी मशीनों का भी प्रबंध किया जाए। कचरा समतल कर इसे व्यवस्थित किया जाए।
22 मीटर चौडी सड़क का ही कराएं निर्माण
बस अड्डे से साउथ बाईपास को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य का भी डीसी ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां 22 मीटर चौड़ी सड़क का ही निर्माण कराएं। निगम के धोबीघाट के प्रस्तावित प्रोजेक्ट को देेखने पहुंचे उपायुक्त ने इस प्रोजेक्ट की स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस काम में तेजी लाई जाए। इसके अलावा रेलवे रोड के पास बन रहे पार्क के कार्य को भी अधिकारियों की टीम ने जांचा। डीसी ने कहा कि काम की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
सफाई व्यवस्था में सुधार लाओ
डीसी ने शहर में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर कचरा नजर नहीं आना चाहिए। कचरा प्रतिदिन उठवाया जाए। बरसात के मौसम में कचरा फैला रहने से बीमारियां फैलने की सबसे अधिक आशंका है। इस मौके पर निगम के कार्यकारी अभियंता रामजीलाल, सचिव राजेश महता, एमई प्रवीण कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।