फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: नई ऑटो मार्केट में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम व व्यापारी के बीच हुआ हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। नई ऑटो मार्केट में सोमवार को नगर निगम की तहबाजारी शाखा की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची तो हंगामा हो गया। टीम ने एक व्यापारी के प्लॉट और दुकान के आगे रखा सामान जब्त कर लिया, जिस पर व्यापारी भड़क गया और टीम से तीखी नोकझोंक हो गई। व्यापारी ने आरोप लगाया कि निगम की शह पर मार्केट में जगह-जगह अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई केवल चुनिंदा दुकानदारों पर की जा रही है। निगम टीम ने इस दौरान मार्केट में खड़ी कुछ कबाड़ गाड़ियां भी जब्त कीं। अभियान 14 नवंबर तक जारी रहेगा।
विज्ञापन

उल्लेखनीय है कि 20 अक्तूबर को ऑटो मार्केट की एक टायर रिसोलिंग दुकान में अचानक आग लग गई थी। अतिक्रमण के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कत आई थी। इस घटना के बाद निगम ने मार्केट से अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। दुकानदारों को 9 नवंबर तक खुद अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई थी और चेतावनी दी गई थी कि 10 नवंबर से शुरू होने वाले महाअभियान में जब्त सामान वापस नहीं किया जाएगा।
दोपहर बाद मिला पुलिस बल
निगम टीम को सुबह से अभियान शुरू करना था, लेकिन पुलिस सहायता दोपहर बाद ही मिल पाई। करीब 2 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में टीम ने नई ऑटो मार्केट में पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। टीम ने पहले एक खराब पड़े ट्रक को जब्त करने की कोशिश की। ट्रक मालिक मौके पर पहुंच गया और एक घंटे का समय मांगा, जिसे टीम ने दे दिया। इसके बाद बीच सड़क पर रखी मिक्सर मशीन को क्रेन की मदद से जब्त कर लिया गया।
विज्ञापन

प्लॉट में सरिया रख अतिक्रमण, व्यापारी भड़का
निरीक्षण के दौरान एक दुकानदार द्वारा प्लॉट में सरिया रखकर अतिक्रमण किया मिला। टीम ने सरिया जब्त किया तो दुकानदार केशव गर्ग भड़क गया। उसने आरोप लगाया कि पहले सड़कों और पार्किंग में पड़े कबाड़ व खराब वाहनों को हटाओ, फिर दुकान पर कार्रवाई करो। इस पर टीम और व्यापारी के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई। एक पुलिसकर्मी ने एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी, बाद में मामला शांत हुआ। टीम ने इसके बाद एक और गाड़ी जब्त की।

निगम के शौचालय के आगे भी अतिक्रमण, टीम ने किया अनदेखा
मार्केट में निगम के शौचालय के आगे दुकानदारों ने कबाड़ रखकर अतिक्रमण कर रखा था, लेकिन टीम ने इसे अनदेखा किया। इसी शौचालय के सामने टीम ने चाय-नाश्ता भी किया। वहीं कई दुकानदारों ने शेड लगाकर अवैध रूप से जगह घेर रखी है, मगर उन पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मार्केट की सड़कों और पार्किंग में पड़े कबाड़ को भी नजरअंदाज किया गया। हालांकि अभियान के डर से कुछ दुकानदार अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाते दिखे।
मार्केट के प्लॉट बेचने की तैयारी, इसी कारण हटाया जा रहा अतिक्रमण
एक चर्चा यह है कि नगर निगम ऑटो मार्केट के प्लॉटों की ई-बोली की तैयारी कर रहा है। बेहतर बोली मिल सके, इसके लिए मार्केट को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। माना जा रहा है कि यदि मार्केट अव्यवस्थित रही तो खरीदार ऊंची बोली लगाने से बचेंगे।
व्यापारी वाले मामले के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया जाएगा। अभियान के दौरान किसी को भी अतिक्रमण करने से छूट नहीं मिलेगी। स्थायी अतिक्रमण हटाना बिल्डिंग ब्रांच का काम है। - सुरेंद्र वर्मा, कार्यालय सहायक, नगर निगम।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें