अर्बन स्टेट की रहने वाली शिखा चहल का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। चेन्नई की आफिसर ट्रेनिंग एकेडमी में ग्यारह माह की ट्रेनिंग के बाद हुई पासिंग परेड के बाद शिखा को लेफ्टिनेंट चुना गया। मूलरूप से गांव पाली की रहने वाली शिखा ने बताया कि मार्च 2016 तक ग्यारह माह की ट्रेनिंग के बाद 12 मार्च को उनकी पासिंग आउट परेड हुई। यह ट्रेनिंग ऑफिसर एकेडमी चेन्नई में हुई। जिसमें करीब 183 कैडेट्स पास आउट हुए। जिनमें से 37 महिलाएं थी। शिखा ने बताया कि उसने अपनी गेजुएट की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय और एमए तथा एमफिल की पढ़ाई चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से की। उनका सीडीएस का फॉर्म भी उनके पापा ने ही भरा था।
जिसके बाद फरवरी 2014 में उन्होंने टेस्ट दिया और वे पास हो गई। शिखा के पिता भी आर्मी से ही रिटायर्ड हैं। सूबेदार मेजर प्रदीप सिंह चहल बेटी के लेफ्टिनेंट चुने जाने से बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि मैं हमेशा चाहता था कि मेरी बेटी आर्मी में जाए और शिखा ने ऐसा कर दिखाया है। शिखा की मां आशा चहल जीरकपुर में एक प्ले स्कूल चलाती हैं। अमर उजाला से खास बातचीत में शिखा ने बताया कि बेटे तो आर्मी में जाते रहते हैं, लेकिन एक बेटी का आर्मी में जाना समाज और राष्ट्र के लिए गौरव की बात है।