हांसी दिल्ली रोड पर धुंधली पड़ी सफेद पट्टी।
हांसी। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर गीता चौक के पास बना ब्लैक स्पॉट प्रशासन और एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यह ब्लैक स्पॉट आज तक ठीक नहीं किया गया जबकि यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के प्रति अधिकारियों की उदासीनता जस की तस बनी हुई है।
टोल प्लाजा से पहले हाईवे पर लगीं स्ट्रीट लाइटें वर्षों से बंद हैं लेकिन इन्हें दुरुस्त करवाने की पहल तक नहीं हुई। रात और धुंध के समय अंधेरा वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ा देता है। गीता चौक पर शहर में प्रवेश से पहले बनाया गया ब्रेकर बेतरतीब है जो संतुलन बिगाड़कर हादसे की आशंका और बढ़ा देता है।
नहीं लगाए रिफ्लेक्टर, सफेद पट्टी पड़ी धुंधली
हैरानी की बात यह है कि यहां रिफ्लेक्टर तक नहीं लगाए गए। इससे धुंध के दिनों में राह पहचानना मुश्किल हो जाता है। हाईवे पर बनी सफेद पट्टी भी धुंधली पड़ चुकी है जिससे लेन स्पष्ट नहीं दिखती। दूसरी ओर हांसी से रोहतक तक सड़क मरम्मत के नाम पर सड़क उखाड़ दी गई है लेकिन काम की गति इतनी धीमी है कि यात्रियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है।