हांसी। सनातन धर्म महिला महाविद्यालय की कार्यकारिणी के गठन के लिए अब चुनाव होने जा रहे हैं। उच्च न्यायालय ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। चुनाव जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार, पुराने 204 सदस्यों के आधार पर चुनाव कराया जाएगा। फिलहाल महाविद्यालय का संचालन सरकार द्वारा नियुक्त एसडीएम प्रशासक की देखरेख में चल रहा है।
महाविद्यालय के पूर्व प्रधान वासुदेव गोयल ने बताया कि उन्होंने करीब दस दिन पहले उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने 19 अगस्त को चुनाव कराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन से मांग की जाएगी कि चुनाव प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। हालांकि उनका यह भी कहना है कि एक वर्ष पहले भी चुनाव कराने के आदेश हुए थे, लेकिन प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की।
वर्ष 2023 से महाविद्यालय में एसडीएम प्रशासक नियुक्त है। इससे पहले भी कई बार यहां प्रशासनिक हस्तक्षेप हो चुका है। वहीं, वर्ष 2024 में प्राचार्य की शिकायत पर पूर्व प्रधान वासुदेव गोयल और उनके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया था। यह मामला प्रबंधन समिति के रिकॉर्ड और नकदी लेन-देन से जुड़ा हुआ था।