हिसार सेक्टर 16 / 17 में बनी झोपड़ियां को तोड़ते हुडा कर्मचारी।
हिसार। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बुधवार को सेक्टर 16-17 में खाली पड़ी जमीन पर बनी झुग्गियों को हटवाया। इस दौरान सेक्टर की मुख्य सड़क के दोनों तरफ बनाई गईं करीब 250 झुग्गियों को हटवाया गया। इसी बीच कुछ शरारती तत्वों ने खाली झुग्गियों में आग लगा दी, जिसे दमकल की गाड़ियों ने बुझाया। झुग्गियां खाली करवाने के बाद कुछ प्रवासी अपना सामान गाड़ियों में लेकर वहां से चले गए तो कुछ सामान के साथ वहीं सड़क पर डेरा जमा लिया। यही नहीं काफी लोगों ने सड़क पर ही रात गुजारी।
बता दें कि सेक्टर 16-17 में विश्वासपुरम के पास एचएसवीपी की गैर नियोजित जमीन पर बाहरी राज्यों से आए लोगों ने झुग्गियां बना रखी थीं। सेक्टरवासियों ने इन झुग्गियों को हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि इन झुग्गियों में अवैध गतिविधियां होती हैं और यहां गंदगी भी फैली रहती है। इसी को लेकर एचएसवीपी की तरफ से करीब एक सप्ताह पहले ही इन झुग्गियों में रह रहे लोगों को इन्हें हटाने को कह दिया था।
दो जेसीबी व 100 पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर झुग्गी हटवाने पहुंचे अधिकारी
एचएसवीपी के अधिकारी वीरवार सुबह करीब 10 बजे दो जेसीबी व 100 पुलिस कर्मचारियों को साथ लेकर इन झुग्गियों को हटवाने पहुंचे। पुलिस व जेसीबी को देखकर प्रवासियों ने झुग्गियों से अपना सामान निकालना शुरू कर दिया। हालांकि इस दौरान कुछ लोग बोले कि इस ठंड के मौसम में वह अपने बच्चाें को लेकर कहां जाएंगे। मगर अधिकारियों व पुलिस की सख्ती के कारण उन्हें झुग्गियों को खाली करना पड़ा।
इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुछ खाली झुग्गियों में आग लगा दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। अधिकारी ने आग लगने की सूचना दमकल को दी। इसके बाद एक बाद एक चार दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग से किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि आग लगने से मौके से गुजर रही बिजली की तारें जल गईं। एचएसवीपी का यह अभियान शाम करीब साढ़े 4 बजे तक जारी रहा। वहीं किसी हादसे की संभावना को देखते हुए रात भर मौके पर दमकल की एक गाड़ी तैनात रही।