हांसी। 9 साल के बच्चे की मौत के बाद विधायक विनोद भयाना के निर्देश पर पुलिस ने हिसार चुंगी पर हांसी-बरवाला मार्ग पर बेरिकेडिंग कर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया है। ओवरलोड वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। तोशाम की ओर से आने वाले डंपरों को दूसरे रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
हांसी-बरवाला मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन रहता हैं। भारी वाहन शहरी एरिया में भी तेज गति से दौड़ते हैं। जिस कारण शहरी एरिया में लगातार हादसे होते रहते हैं। शहर के लोगों की लंबे समय से मांग चली आ रही थी कि हांसी बरवाला मार्ग पर त्रिकोणा पार्क से लेकर चार कुतुब गेट तक तीन से चार स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं। शुक्रवार को तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने साइकिल सवार 9 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया था। जिससे बच्चे की मौके पर मौत हो गई थी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हांसी-बरवाला रोड किया जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने विधायक विनेाद भयाना के खिलाफ की जमकर नारेबाजी की थी। मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया था।
सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे। लोकनिर्माण विभाग के कर्मी ब्रेकर बनाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। दिन भर बारिश होने के कारण काम नहीं किया जा सका। सोमवार को स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। हिसार चुंगी पर नाका लगाकर हांसी-बरवाला मार्ग पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
-विनोद भयाना, विधायक, हांसी
शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। डंपर व कॉमर्शियल वाहनों को दिन के समय अंदर आने की छूट नहीं होगी। वाहनों की स्पीड भी तय होगी। स्पीड ब्रेकर के काम को जल्द पूरा कराएंगे। संकेतक भी लगवाए जाएंगे।
-डॉ. जितेंद्र अहलावत, एसडीएम, हांसी
यातायात के नियमों को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। भारी वाहनों को बाईपास पर डायवर्ट रखा जाएगा।
-नितिका गहलोत, एसपी, हांसी