हांसी-हिसार। हांसी के नागरिक अस्पताल में महिला की मौत और इसके बाद हिसार स्थित जिला नागरिक अस्पताल में शव को चूहों द्वारा कुतरने के मामले की जांच शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. सुशील माही ने मंगलवार को दोनों नागरिक अस्पतालों में छह घंटे निरीक्षण किया।
निदेशक ने हिसार जिला नागरिक अस्पताल में करीब ढाई घंटे तक चिकित्सकों व अधिकारियों से पूछताछ की। इसकी रिपोर्ट वे महानिदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) को सौंपेंगे। उपायुक्त ने भी इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल भी जांच के लिए अस्पताल पहुंची। उन्होंने गंदगी मिलने पर स्टाफ को फटकार भी लगाई।
डॉ. सुशील माही सुबह 10 बजे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मुर्दाघर में डीप फ्रीजर का निरीक्षण किया व रिकॉर्ड भी जांचा। पीएमओ कार्यालय में संबंधित ड्यूटी स्टाफ व अधिकारियों से पूछताछ की। इनमें मोर्चरी इंचार्ज डॉ. सुनील नैन, शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा रेफर करने वाले डॉ. सुरेश कौशिक, इमरजेंसी में रात को ड्यूटी देने वाले डॉ. सचित, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मोनू के अलावा बायो मेडिकल इंजीनियर, फार्मासिस्ट रविंद्र चोपड़ा, डॉ. लता, पीएमओ डॉ. रीना जैन, सीएमओ डॉ. सपना गहलावत शामिल रहे। इस मामले में गठित टीम के सदस्यों डॉ. तरुण, डॉ. सुभाष खतरेजा से अब तककी जांच के बारे में भी पूछताछ की।