मैं सतीश सेठी बोल रहा हूं, वार्डर तूने मेरे आदमियों को लाइन में कैसे खड़ा किया। तुम्हारी इतनी हिम्मत कैसे हो गई मेरे आदमियों से पंगा लेने की, बाहर निकल तुझे गोली मारूंगा। रविवार दोपहर करीब 12 बजे सेंट्रल जेल के लैंड लाइन फोन पर एक धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने सेंट्रल जेल के हेड वार्डर रमेश को धमकी दी। कॉल आने के तुरंत बाद मामले की शिकायत हेड वार्डर ने जेल अधीक्षक शमशेर दहिया को दी। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने के बाद वार्डर ने पीएलए चौकी में शिकायत दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत में हेड वार्डर रमेश ने बताया कि सतीश सेठी नाम के युवक ने उसके पास लैंडलाइन पर कॉल की। कॉल फोन अटेंडेंट ने उठाया। सेठी ने कहा कि वह स्टाफ का सदस्य बोल रहा है। उसे हेड वार्डर रमेश से बात करनी है। फोन अटेंडेंट ने हेड वार्डर को कॉल सुनने के लिए बुलाया।
उसने हेलो करते ही कहा कि वार्डर, मैं सतीश सेठी बोल रहा हूं, मेरे आदमी कल जेल से बाहर आए हैं, तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई कि तूने उन्हें लाइन में खड़ा कर लिया। बाहर निकल तुझे गोली मारूंगा। मैं सिखाऊंगा तुझे कैसे किसी अपराधी के साथ पेश आते हैं। इतना कहकर सेठी बताने वाले व्यक्ति ने फोन काट दिया। जैसे ही जेल प्रशासन को इस मामले की सूचना मिली तो जेल में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत हेड वार्डर ने जेल अधीक्षक और उच्च अधिकारियों को शिकायत दे दी। हेड वार्डर ने मामले की शिकायत पीएलए पुलिस को दी है।
पीएलए सब इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि वार्डर रमेश की शिकायत पर मंगाली निवासी सतीश सेठी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।