फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम बोलेरो गाड़ी में सवार होकर हिसार की ओर आ रही थी। हिसार-सिरसा एनएच 9 पर गांव ढंढूर के पास आयशर कैंटर से बोलेरो की टक्कर हो गई। मंगलवार सुबह करीब 3 बजे हुए इस हादसे में हेड कांस्टेबल शमशेर की मौत हो गई। बोलेरो चालक को घायल अवस्था में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। हादसे का कारण घना कोहरा बताया जा रहा है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक सीआईए टीम में तैनात ईएचसी शमशेर एक मामले की जांच के सिलसिले में ड्राइवर जसवीर सिंह के साथ हिसार की तरफ आए थे। वह सुबह करीब 3 बजे हिसार से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, गाड़ी में अगली सीट पर बैठे शमशेर सिंह की मौत हो गई जबकि ड्राइवर जसवीर सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही सीआईए इंचार्ज वेदपाल व अन्य सहकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।