हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) हिसार में लिपिक के पद पर कार्यरत ज्योति ने भुवनेश्वर में आयोजित चौथी राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। ज्योति ने वुमन डबल्स पैरा बैडमिंटन में रजत जबकि सिंगल में कांस्य पदक जीता।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बीआर कांबोज ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ी को बधाई दी और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह दहिया ने बताया कि ज्योति ने पहले भी कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल किए हैं। इस अवसर पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, एसवीसी कपिल अरोड़ा, गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के प्रधान दिनेश राड़ ने बधाई दी
बचपन से ही खेलों में रुचि, एशियन गेम्स हैं लक्ष्य : ज्योति
पैरा खिलाड़ी ज्योति ने बताया कि उसकी बचपन से ही खेलों में रुचि है इससे पहले स्कूल व कॉलेज के दौरान उसने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते। उसने 1500 मीटर दौड़, चार सौ मीटर दौड़, दो सौ मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, डिस्कस थ्रो में गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल किए। उसका लक्ष्य एशियन खेलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करना है। एशियन गेम्स गवांगजू चीन में आयोजित किए जाने की संभावना है। खेदड़ गांव में रहने वाली ज्योति के पति सोनू कुमार किसान हैं और खेलों के प्रति उसकी रुचि को देखते हुए उसकी हरसंभव मदद के लिए तैयार रहते हैं।
ज्योति की उपलब्धियां
- सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में वुमन सिंगल में सिल्वर मेडल
- प्रथम नेशनल पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल
- उत्तर प्रदेश में हुई द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में दो गोल्ड और मिक्स डबल्स में सिल्वर मेडल