एचएयू के पीएचडी स्कॉलर विश्वविद्यालय में ही टीचिंग एसोसिएट बनकर विद्यार्थियों को पढ़ा सकेंगे। इसके लिए उन्हें प्रत्येक लेक्चर के 500 रुपये भी मिलेंगे। यह फैसला लर्न विद अर्न की तर्ज पर विश्वविद्यालय की बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की मीटिंग में लिया गया है। माना जा रहा है कि विश्वविद्यालय में प्रोफेसर्स की कमी के चलते यह फैसला लिया है। इससे अप्रत्यक्ष एवं अस्थायी तौर पर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर्स की कमी की भरपाई होगी। वहीं मीटिंग में टीचिंग एवं नॉन टीचिंग के पे-स्केल को भी पास कर दिया गया है। यह बात एचएयू के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने वीरवार देर शाम को प्रेसवार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि मीटिंग में अब तक के कई पहलुओं को सुलझाया गया है और कई पुरानी मांगों पर सहमति बनी है। 1995 से चल रही दो नए विभागों की भी मंजूरी मिल गई है, जिनमें डिपार्टमेंट ऑफ बायो एंड रिनवेबल एनर्जी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही विश्वविद्यालय के 17 प्रोफेसर्स को प्रमोट कर दिया गया है।
कौल कॉलेज (कैथल) को मिली मान्यता
पिछले 37 साल से आईसीएआर की मान्यता का इंतजार कर रहे कौल कॉलेज (कैथल) को आखिरकार मान्यता मिल ही गई है। कॉलेज को सात फरवरी को ही आईसीएआर की मान्यता मिली है। इसके लिए कुलपति ने विश्वविद्यालय में हाल ही में बदलाव कर करीब 15 प्रोफेसर्स की ट्रांसफर कौल कॉलेज में की थी। कॉलेज में प्रोफेसर्स की कमी मान्यता नहीं मिलने का एक बड़ा कारण था। मान्यता मिलने से अब कॉलेज के विद्यार्थियों को आईसीएआर द्वारा स्कॉलरशिप भी मिल सकेगी। वहां अब पहली बार प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन का कार्यक्रम होगा।
सूरजकुंड मेले में विवि देगा टेक्निकल सपोर्ट
फरीदाबाद में होने वाले सूरजकुंड मेले में विश्वविद्यालय टेक्निकल सपोर्ट देगा। कुलपति ने कहा कि विवि टेक्निकल पार्टनर है। हम दिखाएंगे कि हरियाणा वास्तव में क्या है। हमारे प्रदेश की ताकत क्या है, ताकि नेशनल और इंटरनेशनल कंपनियां हरियाणा की ओर आकर्षित हों। वहीं पशुपालन आदि का काम लुुवास विश्वविद्यालय देखेगा।
ये मिलेगा विद्यार्थियों को
- अंडर ग्रेजुएट के विद्यार्थियों को अब 10 हजार रुपये और पीजी स्टूडेंट्स को 15 हजार रुपये इंटरेस्ट फ्री लोन के रूप में मिल सकेंगे।
- मेरिट स्टाइफंड को पांच गुणा करके एमएससी के लिए तीन हजार और पीएचडी के लिए पांच हजार रुपये कर दिया गया है। वहीं यूनिवर्सिटी स्टाइफंड के एमएससी के दो से बढ़ाकर छह हजार और पीएचडी के 3 से 10 हजार रुपये कर दिए गए हैं।
- विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अलाउंस को आठ हजार से बढ़ाकर 12 हजार कर दिया गया है।