हरियाणा में वीरवार को कई इलाकों में धूप निकली, मगर ठंड से राहत नहीं मिली है। अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से 6-9 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया। इन जिलों में कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई है। वहीं, सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह और रात के वक्त दृश्यता 50 से 200 मीटर तक दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पांच और छह जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, दोनों दिन भी ठंडे और भीषण ठंडे दर्ज किए जाएंगे। मौसम विभाग ने बताया है कि आठ जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे नौ जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है। बारिश के बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा।
गुरुवार को अंबाला का अधिकतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार का तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज किया गया। करनाल में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अभी न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा, वहीं, दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा।
प्रदेश में आज और कल घने कोहरे व सीवियर कोल्ड डे, ऑरेंज अलर्ट
हाड़ कंपा देने वाली ठंड से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में घने कोहरे व सीवियर कोल्ड डे को लेकर आज और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। हालांकि 8 से 10 जनवरी के बीच बूंदाबांदी की संभावना को देखते हुए ठंड से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है मगर इसके बाद फिर से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक ठंडी हवा चलने के कारण पिछले तीन-चार दिन से निचले स्तर पर कोहरे में कमी आई थी। मगर ऊपरी सतह पर सघन कोहरा छाया हुआ है, जो बादलों जैसा दिखता है। इस कारण कई जगहों पर सूर्य के दर्शन ही नहीं हो रहे हैं तो कहीं-कहीं हल्की धूप निकल रही है, जिससे दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है और दिन में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति भी बन रही है। गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 9.0 से 15.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.0 से 10.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि तीन दिन हाड़ कंपा देने वाली ठंड रहेगी। 7 व 8 जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाके में मौसम में बदलाव व तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। 8 से 10 जनवरी के दौरान प्रदेश कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान ठंड के कहर से कुछ राहत भी मिलेगी। मगर 11 जनवरी के बाद एक बार फिर से हवाओं की दिशा बदलने से कड़ाके की ठंड फिर से अपना असर दिखाएगी।