हिसार। जिले में लोगों को ठंड से न दिन में राहत मिल रही है और न ही रात को। अब दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट होने लगी है। इस कारण से दिन में सीवियर कोल्ड डे तो रात में शीत लहर की स्थिति पैदा हो रही है। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो अभी ठंड से राहत मिलने की संभावना भी नहीं है।
जिले में वीरवार सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे से हुई। धूप न निकलने के कारण सुबह ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। सुबह के समय बाजार भी सूने दिखे। हालांकि दोपहर बाद मौसम थोड़ा साफ हुआ और करीब 2 बजे सूर्य देवता ने दर्शन दिए। हालांकि इस दौरान हल्की धूप ही निकली, जिससे ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। वीरवार को हिसार का अधिकतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे रहा। जिले के बालसमंद क्षेत्र में अधिकतम तापमान 11.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूं पैदा होती है सीवियर कोल्ड डे व शीत लहर की स्थिति
जब दिन के तापमान में सामान्य से 6.5 डिग्री से भी ज्यादा की गिरावट आए तो उस स्थिति को सीवियर कोल्ड डे कहा जाता है। वहीं जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री या इससे नीचे पहुंच जाए तो उस स्थिति को शीत लहर कहा जाता है।