एस्ट्रोटर्फ पर पहुंचे डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा हॉकी टीम और कोच के साथ।
- फोटो : Hisar
हिसार। एस्ट्रोटर्फ पर चल रही हरियाणा स्टेट महिला हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को सीनियर वर्ग में हिसार की टीम ने रोहतक को 3-0 हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि जूनियर वर्ग में सोनीपत की टीम चैंपियन बन गई। जूनियर वर्ग में फाइनल मैच कैथल और सोनीपत के बीच खेला गया। इसमें सोनीपत की टीम ने 5-1 से जीत दर्ज की।
मैच शुरू होने के पांचवें मिनट में सोनीपत टीम की खिलाड़ी कनिका सिवाच ने पहला गोल दाग दिया। फिर 14वें मिनट में कोमल नरवाल ने एक गोल कर प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बना लिया। खास बात रही कि इस मैच में सोनीपत की टीम ने लगातार पांच गोल किए। फिर 27वें मिनट में दीपिका ने एक गोल कर टीम जीत की बढ़त बढ़ानी शुरू कर दी। 29वें मिनट में आरती ने एक गोल दाग दिया। फिर 31वें मिनट में मंजू ने एक गोल कर दिया। वहीं 57वें मिनट में कैथल टीम की राधा ने एक गोल किया।
जूनियर वर्ग में हुए सेमीफाइनल मैच के परिणाम
जूनियर वर्ग में पहला सेमीफाइनल हिसार और कैथल के बीच खेला गया। इस मैच में कैैथल ने हिसार को 5-3 से हराकर जीत हासिल की, जबकि दूसरे हुए सेमीफाइनल मैच में सोनीपत ने गुरुग्राम को 9-0 से हराकर एकतरफा जीत हासिल की।
सीनियर वर्ग में हिसार और सोनीपत के बीच मैच आज
सोमवार को सीनियर वर्ग में फाइनल मैच हिसार और सोनीपत के बीच दोपहर दो बजे खेला जाएगा। इसमें मुख्यातिथि के रूप में हुडा प्रशासक अमरजीत सिंह मान पहुंचेंगे। वहीं गेस्ट ऑफ ऑनर हॉकी की एशियाड मेडलिस्ट उदिता की माता गीता देवी शिरकत करेंगी। सीनियर वर्ग में हुए सेमीफाइनल में हिसार ने रोहतक को 3-0 और सोनीपत ने कुरुक्षेत्र को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।