हिसार सीट पर प्रत्याशी बदलने की सुगबुगाहट के सवाल पर भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह ने कहा कि कुछ लोग जान बूझ कर ऐसी अफवाहें फैलाते हैं। चुनाव जब तक चलेगा ऐसी कुछ न कुछ खबरें आती रहेंगी। टिकट देने का फैसला पार्लियामेंट बोर्ड करता है। टिकट बदलने के सवाल का जवाब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी देंगे।
यह हमारा विषय नहीं है। भाजपा ने मुझे कहा प्रत्याशी बनो तो मैं प्रत्याशी बना हूं। अगर प्रत्याशी बदलने का कुछ होता तो मुझसे कह देते प्रचार कम कर दो। रणजीत सिंह ने कहा कि 9 अप्रैल को सीएम नायब सिंह सैनी उनके प्रचार के लिए हिसार आएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के चलते उन्हें समर्थन मिल रहा है।
अग्रोहा के गांव श्यामसुख में किसानों ने सवाल जवाब करते हुए भाजपा प्रत्याशी रणजीत सिंह से पूछा कि क्या किसानों को दिल्ली जाने से रोकना जायज था? भाजपा प्रत्याशी चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि वहां भिंडरावाले के नारे लगे, खालिस्तान, अमृतपाल जिंदाबाद के नारे लगे। 12 पुलिस वालों के हाथ काट दिए गए। ट्रालियों में हथियार रख रखे थे।
इसी बीच रणजीत सिंह कहते दिखे कि वीडियो मत बनाओ मोबाइल बंद कर दो। इस तरह के जवाब से किसानों का गुस्सा बढ़ गया। किसान संगठनों ने गुरुवार को श्यामसुख, कुलेरी, अग्रोहा में सवाल जवाब करते हुए नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि हर गांव में इसी तरह से सवाल जवाब करेंगे। किसानों के मुद्दे पर सवाल पूछेंगे।