वार्ड 15 व 18 में रविवार सुबह से मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह 11 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
धारूहेड़ा में सुबह 11 बजे तक 4331 वोट पड़ चुके हैं और यहां मतदान प्रतिशत 17.6 दर्ज किया गया है। वहीं, रेवाड़ी में 16638 मतदाता अपने वोट डाल चुके हैं तथा मतदान प्रतिशत 14.4 रहा। दोनों क्षेत्रों को मिलाकर अब तक कुल 20969 वोट पड़ चुके हैं और कुल मतदान प्रतिशत 14.9 दर्ज किया गया है।
अंबाला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने विभिन्न संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। गांव घेल, नसीरपुर, आईटीआई, सरकारी स्कूल प्रेम नगर, गांव काकरू और मंडोर सहित कई महत्वपूर्ण बूथों का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा घेरे का जायजा लिया ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने वाले या अफवाह फैलाने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें, कमांडो रिजर्व पूरी तरह तैयार हैं। मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत करते हुए एसपी शेखावत ने अपील की कि वह बिना किसी डर या दबाव के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर वोट कीमती है। शांतिपूर्वक तरीके से अधिक से अधिक संख्या में घर से निकलें।