हरियाणा के हिसार में महाबीर स्टेडियम में शुक्रवार से शिक्षा विभाग की ओर से 67वीं अंडर-19 नेशनल स्कूली हैंडबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने किया। ठिठुरती ठंड में भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने वाला था। रात तक मुकाबले खेले गए।
लड़कियों के वर्ग में हरियाणा ने पश्चिम बंगाल की टीम को 20-8 से हराया। इसी प्रकार दिल्ली ने चंडीगढ़ को 19-16 से, कर्नाटका ने उत्तराखंड को 20-5 से, राजस्थान ने केरला को 13-5 से, बिहार ने तेलंगाना को 13-2 से, छतीसगढ़ ने झारखंड को 11-3 से और आईपीएससी ने विद्या भारती को 6-5 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया।
लड़कों के वर्ग में हरियाणा ने राजस्थान को 32-27 से हराया। दिल्ली ने वेस्ट बंगाल को 30-16 और यूपी ने उत्तराखंड को 22-5 से हराया। पंजाब ने झारखंड को 23-5 से हराया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। चैंपियनशिप में 27 राज्यों की टीमें दमखम दिखा रही हैं।
प्रतियोगिता 9 जनवरी तक चलेगी। इस मौके पर एसडीएम जयवीर यादव, जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी निर्मला दहिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी प्रवीण मल्होत्रा, एईओ महेंद्र भादू, अंतरराष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी नवीन पूनिया, सेवानिवृत्त कोच आरएस चहल, सेवानिवृत्ति जिला खेल अधिकारी सतपाल ढांडा, डीपीई कुलदीप नैन आदि मौजूद रहे।
खेलों से एकता व भाईचारा बढ़ता है : डॉ. गुप्ता
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता ने कहा कि खेलों से समाज व देश में एकता व भाईचारे को बढ़ावा मिलता है। खिलाड़ी जब किसी खेल प्रतियोगिता में भाग लेता है तो उसका लक्ष्य जीत प्राप्त करने के साथ-साथ खेल भावना, प्रतिस्पर्धा, आपसी प्रेम व भाईचारा बनाए रखना होता है। खेल प्रतिभाओं के उचित प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन से कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भारत को मिले हैं। डॉ. गुप्ता ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने निजी कोष से खेल प्रतियोगिता के लिए 3 लाख 1 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।
खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर ध्यान दें
प्रतियोगिता में पहुंचे पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने उद्घाटन समारोह से पहले खिलाड़ियों द्वारा मार्च पास्ट रिहर्सल की सलामी ली। यूथ आइकॉन अंतरराष्ट्रीय हैंडबाल खिलाड़ी नवीन पूनिया हमारे साथ हैं। मैं आपके साथ एक अहम मुद्दे पर बात करने जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि ड्रग्स एक सामाजिक बुराई है, जो हमारे समाज और देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है। खिलाड़ी अपनी फिटनेस और खेल पर ध्यान दें।
खिलाड़ी बोले-सर्दी में भी नहीं मिला नहाने को गर्म पानी, शौचालय बदहाल
पंजाब टीम में पहुंचे खिलाड़ी रोहित कुमार, संदीप, साहिल, दिलप्रीत ने बताया कि उनकी टीम सीआर पब्लिक स्कूल में रुकी हुई है। मगर इस ठिठुरती ठंड में भी नहाने के लिए गर्म पानी नहीं मिला है। शौचालय की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि खाने की व्यवस्था सही है। समय पर ब्रेक फास्ट, लंच और डिनर मिल गया था।