हिसार। नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की ओवरऑल कैटेगरी में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने पहले 150 सरकारी संस्थानों में से हरियाणा का एकमात्र संस्थान प्राप्त कर परचम लहराया। देश के कृषि विश्वविद्यालयों में एचएयू ने पहले पांच विश्वविद्यालयों में स्थान प्राप्त कर अपनी साख बढ़ाई है।
एग्रीकल्चर और एलाइड कैटेगरी में एचएयू ने 173 शिक्षण संस्थाओं व विश्वविद्यालयों में टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। साथ ही ओवरऑल कैटेगरी में देश के 4045 विश्वविद्यालयों व संस्थानों में एचएयू ने 101-150 रैंकिंग प्राप्त की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने कहा कि इस विश्वविद्यालय ने अपनी उपलब्धियों के कारण आज अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। यह उपलब्धि हरियाणा राज्य तथा विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैरशिक्षक कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा व किसानों की मेहनत का परिणाम है। यह सभी के लिए गर्व और हर्ष का विषय है।