हांसी। हरियाणा रोडवेज के हैप्पी कार्ड हजारों लोगों को खुशी देने के बजाए गम दे रहे हैं। रोडवेज द्वारा मुफ्त सफर के लिए शुरू की गई हैप्पी कार्ड योजना के आवेदक परेशानी झेल रहे हैं। बस स्टैंड पर पांच हजार हैप्पी कार्ड आ चुके हैं लेकिन रोडवेज द्वारा इन्हें बांटने के आदेश अभी तक नहीं दिए गए है।
सरकार द्वारा 24 मार्च से हैप्पी कार्ड वितरित करने की योजना थी। लेकिन एक महीने का समय बीत जाने के बाद भी लोगों को हैप्पी कार्ड नहीं मिल रहे हैं। हैप्पी कार्ड लेने के लिए आवेदक बस स्टैंड के चक्कर काट रहे हैं। जहां से हैप्पी कार्ड न मिलने पर वह निराश होकर लौट जाते हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि अभी तक वितरण के आदेश नहीं मिले है। आदेश मिलने के बाद ही कार्ड बांटने शुरू किए जाएंगे। अभी तक पांच हजार कार्ड बस स्टैंड पर आ चुके हैं।
वहीं 37,463 लोगों द्वारा हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया जा चुका है। बता दें कि हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत एक लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के सदस्य इस योजना से लाभान्वित होंगे। योजना के तहत हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए लाभार्थियों को केवल 50 रुपये अंशदान देना होगा। इसके बाद लाभार्थियों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा करने के लिए ई-टिकटिंग प्रणाली से जुड़ा एक स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा। इसके तहत वर्ष में एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। निशुल्क यात्रा केवल हरियाणा राज्य की सीमा के अंदर व हरियाणा परिवहन निगम की बसों में ही मान्य होगी।
लाभार्थियों के पास आ रहे ओटीपी
लाभार्थिय के पास ओटीपी आने शुरू हो गए हैं। ओटीपी के तहत लोगों को सोमवार को बुलाया गया है। लेकिन अभी तक रोडवेज के पास वितरण के आदेश नहीं आए है। सोमवार को आदेश आए तो उसके बाद ही कार्ड को एक्टिवेट करके देना शुरू किया जाएगा।
-
हैप्पी कार्ड बनकर आए हुए हैं। अभी वितरण शुरू नहीं किया है। आदेश आते ही वितरण किया जाएगा।- सुरेंद्र, टीएम, बस स्टैंड