हिसार। कैमरी मार्ग पर रहने वाले और पुलिस से सेवानिवृत्त कर्मी ब्रह्म प्रकाश के साथ उसके दोस्त ने प्लाॅट खरीदने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। जब दिए हुए रुपये वापस मांगे तो देने से इन्कार कर दिया। इस संंबंध में आजाद नगर थाना पुलिस ने रामकुमार और सुरेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
आजाद नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में कैमरी मार्ग स्थित न्यू माॅल कॉलोनी के रहने वाले ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि वह 2021 में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुआ था। गणेश कॉलोनी में रहने वाले रामकुमार से पहले से जान पहचान थी। उसको पता था कि सेवानिवृत्त के दौरान काफी रुपये मिले है। उसने कहा कि सुरेंद्र प्रोपर्टी डीलर है वह सस्ता प्लाॅट दिला देगा। दोस्त की बात पर भरोसा कर लिया। उसने न्यू बालाजी कॉलोनी में एक प्लाॅट दिखाया। उस समय 20 हजार रुपये साई के दे दिए। उसके बाद मार्च और 16 जून 2022 को दो-दो लाख और जनवरी 2023 को एक लाख 89 हजार रुपये दे दिए। रुपये जमा करवाने के बाद प्लाॅट का कार्ड नहीं दिया। जब प्लाॅट नाम करवाने की बात कहता तो बार-बार बहाने बना देते। अब रुपये और प्लाॅट देने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।