हिसार। संविदा कर्मचारी के यौन उत्पीड़न मामले में निलंबित किए गए हांसी के पूर्व एसडीएम कुलभूषण बंसल को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी पूर्व एसडीएम को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान आरोपी से पिस्तौल बरामद की जाएगी है। इसके अलावा आरोपी से पूछताछ की जाएगी। वहीं पुलिस ने आरोपी के आवास, पंचायत भवन और फतेहाबाद में निशानदेही करवाई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित संविदा कर्मचारी की शिकायत पर यौन उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
मेडिकल करवाने के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंची
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संविदा कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न करने के मामले में आरोपी हांसी के पूर्व एसडीएम कुलभूषण बंसल को गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे दो बार नागरिक अस्पताल लेकर आई। यहां पर आरोपी की मेडिकल जांच करवाई गई। इस दौरान डीएसपी सुनील कुमार मौजूद थे। वे मामले की जांच कर रहे हैं। अस्पताल में मेडिकल जांच करवाने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी का एक दिन का रिमांड मंजूर कर दिया।
यह था मामला
एचकेआरएन के तहत नियुक्त कर्मी ने अनुसूचित आयोग, मानव अधिकार आयोग, डीजीपी, आईजी, पुलिस अधीक्षक और सीएम विंडो में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि हांसी में तैनात एसडीएम कुलभूषण बंसल काफी समय से उसका यौन शोषण करते आ रहे हैं। सबूत के तौर पर पीड़ित ने एक वीडियो भी भेजा था। सात नवंबर को मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। पहले मामले की जांच डीएसपी हरेंद्र को सौंपी गई थी। जांच के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।
हांसी के पूर्व एसडीएम और आरोपी कुलभूषण बंसल को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी के आवास की निशानदेही करवाई गई है और गहनता से पूछताछ जारी है।
सुनील कुमार, डीएसपी, हिसार