हांसी (हिसार) आम आदमी पार्टी के नेता एवं प्रवक्ता मनोज राठी ने हांसी पुलिस पर मूर्ति प्रकरण में एडीजीपी के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने एडीजीपी के आदेश न मानकर इस मामले में अनुशासनहीनता का परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को एडीजीपी ने हांसी पुलिस को आदेश जारी किए थे कि मूर्ति प्रकरण में आगामी कार्रवाई न करें। एडीजीपी के आदेशों की अवहेलना का खुलासा उस समय हुआ, जब हांसी अदालत में एडवोकेट रोहित शर्मा ने एडीजीपी द्वारा जारी आदेशों की फोटो प्रति पेश की, जबकि हांसी पुलिस इन आदेशों की असल प्रति ही पेश नहीं कर पाई।
इसी वजह से अदालत में होने वाली सुनवाई अब 27 मार्च को होगी। उन्होंने कहा कि हांसी पुलिस के पास ये जवाब नहीं है कि संबंधित मूर्ति मालखाने में कब जमा कराई गई, मूर्ति पिघलवाने व बिस्कुट बनाने के बाद किसको दिया, एफआईआर तीन माह बाद क्यों दर्ज की गई। मूर्ति को किसके आदेश से काटा गया, मूर्ति को काटने का किस धारा में उल्लेख है और न ही ये जवाब है कि जो बिस्कुट बने हैं, वे किस धातु के बने हैं। उन्होंने कहा कि एसपी हांसी ने बबलू व बिमलेश को टटलू गैंग का सदस्य बताया है, लेकिन क्या हांसी पुलिस ये साबित कर पाई है।