जिले में आयोजित एचटेट परीक्षा के दूसरे रविवार को भी शहरवासियों को परेशानियों से रू-ब-रू होना पड़ा। एक ओर परीक्षार्थियों व उनके परिजनों की भारी भीड़ के चलते शहर में देर शाम तक जाम की स्थिति रही
वहीं दूसरी ओर जैमर के चलते शहर का नेटवर्क भी जाम सा रहा। लोगों को बातचीत करने में भारी परेशानी हुई। जिले में रविवार को 27 हजार 200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दो सत्रों में एचटेट के लेवल वन और टू की परीक्षा दी।
अभ्यर्थियों को भी कई अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ा। पहले दिन की तरह रविवार को भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए।
सुबह 10 बजकर 30 मिनट से 1 बजे तक के सत्र में करीब 12 हजार 374 ने लेवल वन, जबकि शाम 3 बजे से 5 बजकर 30 मिनट के सत्र में करीब 14 हजार 886 परीक्षार्थियों ने लेवल टू की परीक्षा दी।
हालांकि सुबह से ही पर्चा लीक होने के कारण दूसरे दिन का भी पेपर रद होने की अफवाहें फैलती रही। जिस कारण शाम तक परीक्षार्थी पेपर रद होने या नहीं होने की जानकारी जुटाते रहे।
ओरिजनल आईडी नहीं होने पर रुक गई इंट्री
गांव जुगलान स्थित ओम इंस्टीट्यूट में बनाए गए एचटेट ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर पहुंचे कई परीक्षार्थी अपनी ओरिजनल आईडी नहीं ला पाए, जिस कारण उनकी इंट्री रोक दी गई
बार-बार गुहार लगाने के बाद भी परीक्षार्थियों को अंदर नहीं जाने दिया गया। वहीं एक रूम में ज्यादा बच्चे होने की शिकायत भी डीईओ ऑफिस में बनाए गए कंट्रोल रूम के पास आई, जिसमें कंट्रोल रूम के हस्तक्षेप के बाद समस्या का समाधान करवा दिया गया।
एक केंद्र के नाम को लेकर हुई परेशानी
एक परीक्षा केंद्र के नाम को लेकर भी परीक्षार्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। परीक्षार्थियों की मानें तो उनके एडमिट कार्ड में ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल, दिल्ली रोड दर्शाया गया था।
इसी को ध्यान में रखकर अधिकतर परीक्षार्थी कैंट के पास स्थित ओपी जिंदल स्कूल पहुंच गए। वहां पहुंचने पर स्थिति कुछ अलग दिखाई दी।
बाद में स्पष्ट हो पाया कि यह ओपी जिंदल मॉडर्न स्कूल जिंदल पुल के पास स्थित जिंदल कॉलोनी से थोड़ा आगे चलकर पड़ता है। तब परीक्षार्थी ऐन वक्त पर वहां पहुंच पाए।
जैमर ने नेटवर्क समस्या बढ़ाई
शहर में थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बने एचटेट परीक्षा केंद्रों पर लगे जैमर्स के कारण पूरे शहर में मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहा। खासकर बीएसएनएल मोबाइल पर कॉल ड्रॉप की समस्या अधिक रही।
मोबाइल पर आने वाली अधिकतर कॉल बीच में ही कटती रही। बार-बार प्रयासों के बावजूद भी मोबाइल पर उपभोक्ता सही से बात नहीं कर पाए।
जाम में उलझा रहा शहर
एचटेट परीक्षा के दौरान शहर को सबसे ज्यादा जाम की स्थिति से जूझना पड़ा। परीक्षा की शुरुआत और समाप्ति के बाद अधिकतर इलाके जाम में ही उलझे रहे।
बस स्टैंड से लेकर परिजात चौक पर दोनों तरफ गाड़ियां जाम में फंसी रही। धीरे-धीरे गाड़ियों को जाम से बाहर निकाला गया। ट्रैफिक पुलिस को जाम से निपटने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
इसी तरह बरवाला चुंगी पर दो घंटे तक जाम रहा। देर शाम को जाकर शहर ने जाम से राहत महसूस की।
अनुपस्थिति का अधिकारियों के पास नहीं डाटा
दूसरे दिन के दोनों सत्रों की परीक्षा में अनुपस्थित परीक्षार्थियों का स्थानीय अधिकारियों के पास कोई डाटा उपलब्ध नहीं हुआ। डीईओ से लेकर कंट्रोल रूम तक को इस बारे में जानकारी नहीं थी।
कंट्रोल रूम इंचार्ज के मुताबिक अनुपस्थिति का डाटा शिक्षा बोर्ड भिवानी के पास ही मौजूद है।
दूसरे दिन नहीं बना एक भी केस
दूसरे दिन की एचटेट परीक्षा के दौरान नकल का एक भी केस नहीं बनाया गया। जिला शिक्षा अधिकारी मधु मित्तल ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही। यूएमसी से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया।