हिसार। विधानसभा में अतिथि अध्यापकों की भर्ती में आरक्षण लागू नहीं होने संबंधी मंत्री रणबीर गंगवा के बयान पर प्रदेशभर के अतिथि अध्यापकों में रोष है। शुक्रवार को शिक्षकों ने मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने बयान को सरकारी रिकॉर्ड के विपरीत बताते हुए सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने समर्थन में 20 जनवरी 2006 को शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र भी दिखाया।
अतिथि अध्यापक संघ के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान ने कहा कि विधानसभा में जनता के सामने सही तथ्य रखे जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार को अधूरी जानकारी देकर गुमराह कर रहे हैं। अतिथि अध्यापक करीब 21 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले उन्हें पहली कलम से नियमित करने का लिखित भरोसा दिया था। नियमितीकरण को लेकर न्यायालय के आदेश भी आ चुके हैं, जिनकी सरकार को पालना करनी चाहिए।
सरकारी पत्र दिखाकर उठाए नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल
जिला प्रधान दयाकिशन गुंदली ने कहा कि 2006 के पत्र में नियुक्तियों में आरक्षण नीति के पालन के स्पष्ट निर्देश थे। उन्होंने बताया कि वे अनुसूचित जाति वर्ग से हैं और बीएड, प्रभाकर, ओटी, एचटेट और नेट जैसी योग्यताएं रखते हैं। उनके अनुसार, अतिथि अध्यापकों ने तीन वर्षीय नियुक्ति नीति की सभी शर्तें पूरी की थीं। प्रदर्शनकारियों ने गुरुग्राम से आंदोलन में पहुंची महिला अतिथि अध्यापकों को पुलिस की ओर से हिरासत में लेने और उनके साथ आए बच्चों को भी कब्जे में लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
प्रदेश में करीब 10,700 अतिथि अध्यापक कार्यरत
शिक्षकों के अनुसार, प्रदेश में जेबीटी, टीजीटी और पीजीटी श्रेणियों के करीब 10,700 अतिथि अध्यापक कार्यरत हैं। 28 मई 2014 की कटऑफ तिथि पर करीब 15 हजार जेबीटी शिक्षक थे, जिनमें से कई सेवानिवृत्त हो चुके हैं और कुछ का निधन हो चुका है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मंत्री ने बयान पर खेद प्रकट कर स्थिति स्पष्ट नहीं की तो संगठन उनके आवास पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर सकता है।