हांसी। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने वीरवार को जीआरपी चौकी इंचार्ज एसआई महेंद्र को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। रिश्वत राशि ट्रेन के नीचे आने से मरे एक युवक के परिजनों को उनकी बाइक देने के नाम पर मांगी गई थी। एसीबी की टीम आरोपी को गिरफ्तार कर हिसार ले गई है।
एसीबी की हिसार टीम के इंस्पेक्टर कर्मबीर ने बताया कि कुछ समय पहले गांव मय्यड़ के एक युवक की ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई थी। मौके पर पड़ी उसकी बाइक को पास के ही गांव का व्यक्ति ले गया था। परिजनों ने चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह को शिकायत दी की उनकी बाइक रामायण गांव के एक युवक के पास है, जो उन्हें वापस दिलाई जाए। महेंद्र सिंह ने बाइक को बरामद कर लिया, लौटाने के बजाय 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। वीरवार को एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता को रुपये देकर चौकी इंचार्ज के पास भेजा। जैेस ही उसने रुपये महेंद्र सिंह को दिए, एसीबी टीम ने दबोच लिया। करीब तीन घंटे तक चौकी में ही पूछताछ के बाद टीम अपने साथ हिसार ले गई।