हिसार। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से तैयार करवाए गए टीबी अस्पताल के नए भवन के नक्श में कुछ फेरबदल होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार नक्शे में बेसमेंट व 6 मंजिला का प्रावधान किया गया है लेकिन यहां भूजल स्तर काफी ऊपर है। बेसमेंट निर्माण के लिए मौजूद लेवल से करीब ढाई मीटर नीचे तक जाना होगा। ऐसे में यहां बेसमेंट के निर्माण में बाधा आएगी। साथ ही बेसमेंट कामयाब भी नहीं होगी।
68 साल पहले नागरिक अस्पताल की स्थापना हुई थी जिसके बाद टीबी अस्पताल बनाया गया। करीब 45 साल से टीबी अस्पताल स्थापित है। दिसंबर 2018 में जिला प्रशासन ने इस दो मंजिला अस्पताल भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। पहले टीबी अस्पताल में 75 बेड की व्यवस्था थी लेकिन जर्जर बिल्डिंग की स्थिति देखकर विभाग ने बेड संख्या घटाकर 12 कर दी है और यह व्यवस्था भी रोगी कल्याण समिति के भवन में की गई है।
नए भवन में ये होंगी सुविधाएं
टीबी अस्पताल के नए भवन में 100 बेड, 6 बेड का एचयूडी, लैब, एक्सरे रूम, मेडिकल स्टोर, फार्मेसी ब्लॉक, ओपीडी शाखा, वेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल, एसएमओ का एक व एमओ के लिए 4 कमरे, सी ग्रुप के कर्मचारियों के लिए 8 व डी ग्रुप के कर्मचारियों के लिए 6 कमरे व पंजीकरण काउंटर की सुविधा उपलब्ध होगी।
ये रहेगी प्रक्रिया
पहले अस्पताल का नक्शा फाइनल होगा जिसके आधार पर एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। एस्टीमेट मंजूर होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर अलॉटमेंट के बाद भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-
नक्शा तैयार किया था जिसमें बेसमेंट का भी प्रावधान किया गय था लेकिन यहां भूमिगत जलस्तर ऊपर है तो बेसमेंट बनाना यहां ठीक नहीं रहेगा। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग को भी अवगत करवाया जाएगा।
गौरव जैन, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर