हिसार। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की खेल कोटे से ग्रुप-डी पदों की भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि रविवार को समाप्त हो गई। आवेदन प्रक्रिया के दौरान खेल विभाग ने पिछले 10 दिनों में हिसार जिले के 350 और मंडल के करीब 800 खिलाड़ियों के ग्रेडेशन प्रमाणपत्र तैयार किए।
आवेदन की अंतिम तिथि पहले 3 जुलाई निर्धारित थी जिसे बढ़ाकर 5 जुलाई किया गया। वहीं, परीक्षा शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 7 जुलाई तय की गई है। मंडलीय खेल उपनिदेशक राममेहर सिंह ने बताया कि विभागीय टीमों ने अवकाश के दिनों में भी देर शाम तक कार्य कर समय पर प्रमाणपत्र जारी किए ताकि कोई पात्र खिलाड़ी आवेदन से वंचित न रहे।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन से इतर संस्थाओं द्वारा आयोजित कराटे प्रतियोगिताओं के खिलाड़ियों को आवेदन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रभावित खिलाड़ियों ने उन्हें भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग उठाई है। ग्रेडेशन प्रमाणपत्र तैयार करने में डीएसओ नरेश सैनी, कोच अनूप कसवा, विकास कृष्ण मलिक, रमेश और रचना सहित विभागीय टीम ने सहयोग दिया।