फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: हांसी-हिसार रूट की 9 निजी बसों में भी मान्य होंगे सरकारी पास

Wed, 13 May 2026 11:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। हांसी से हिसार आने-जाने वाले यात्रियों, खासकर छात्राओं को बड़ी राहत देते हुए हिसार कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अब हांसी क्षेत्र से हिसार रूट पर चलने वाली नौ निजी बसों में भी हरियाणा रोडवेज के फ्री और रियायती पास मान्य होंगे। अदालत ने यह आदेश छात्राओं और एक बुजुर्ग की याचिका पर सुनाया जिन्हें वैध सरकारी पास होने के बावजूद निजी बसों में सफर करने से रोका जा रहा था।
विज्ञापन

भाटोल जाटान गांव की छात्रा आरजू सहित आठ छात्राओं और एक बुजुर्ग ने सिविल कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि निजी बस संचालक सरकार के आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि वैध सरकारी पास होने के बावजूद उन्हें बसों में चढ़ने नहीं दिया जाता, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मामले की सुनवाई करते हुए हिसार की जेएमआईसी सुखवीर की अदालत ने फैसला सुनाया कि सरकारी पास निजी बसों में भी मान्य रहेंगे। कोर्ट ने हरियाणा सरकार की ओर से 21 अप्रैल 2026 को जारी आदेशों को आधार बनाया। छात्राओं की ओर से अधिवक्ता वीएस बामल, पूजा बिश्नोई और आशिमा दलाल ने पैरवी की। अधिवक्ता वीएस बामल ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से अदालत में कोई पेश नहीं हुआ, जिसके बाद कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं के पक्ष में फैसला सुनाया।
विज्ञापन

प्रदेशभर से मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय ने अप्रैल में निर्देश जारी किए थे कि सभी निजी स्टेज कैरिज बस संचालकों को भी रोडवेज की तरह फ्री और कन्सेशनल पासधारकों को यात्रा करवानी होगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि कोई निजी बस संचालक पासधारक यात्री को बस में चढ़ने से रोकता है तो उसकी शिकायत संबंधित आरटीए कार्यालय या परिवहन विभाग की हेल्पलाइन पर की जा सकती है।
इससे पहले करीब आठ महीने पहले भी हिसार कोर्ट ने एक अन्य मामले में आदेश दिया था कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से कोई स्थगन आदेश आने तक निजी बसों में सरकारी रियायती पास मान्य रहेंगे। यह आदेश लॉ स्टूडेंट पूजा बिश्नोई की याचिका पर सुनाया गया था। हालांकि निजी बस संचालकों ने इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। अदालत के ताजा फैसले को छात्र-छात्राओं और जरूरतमंद यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें