हिसार। केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किया है जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। सरकार मनरेगा को बंद करने की साजिश कर रही है। यह आरोप हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता और हिसार जिला शहरी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने अनाज मंडी में आयोजित बैठक में लगाया।
गर्ग ने कहा कि कांग्रेस ने फरवरी 2006 में महात्मा गांधी के नाम पर ग्रामीण गरीबों के लिए मनरेगा योजना की शुरुआत की थी जिसके तहत साल में 100 दिन का काम गारंटी से मिलता था। भाजपा सरकार ने केवल 50 लाख ग्रामीणों को रोजगार दिया और 100 दिन के बजाय 50 दिन ही काम दिया जिससे गरीबों का हक छीन लिया गया।
गर्ग ने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने सरकारी संस्थाओं को बेचने और उनके नाम बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एलआईसी, रेलवे, एयरपोर्ट और बीएसएनएल जैसी संस्थाओं को प्राइवेट कंपनियों को बेच दिया जो देश के हितों के खिलाफ है।