केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह वीरवार को हिसार आएंगे। लुवास के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद सेंट्रल सीड फार्म का दौरा करेंगे। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ और सीपीएस कमल गुप्ता भी शहर में होंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री पहली बार हिसार आएंगे। सुबह 11 बजे से लुवास के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। यहां साढे़ बारह बजे दीक्षांत समारोह समापन के बाद लंच करेंगे। लंच के बाद सिरसा रोड स्थित सेंट्रल सीड फार्म जाएंगे। यहां करीब दो घंटे तक रहेंगे।
इसके बाद वापस दिल्ली की ओर रवाना हो जाएंगे। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी हिसार में ही ठहरे हैं। बुधवार को उन्होंने नारनौंद के खांडाखेड़ी में चौधरी मित्रसेन आर्य की स्मृति में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया था। इसके बाद हिसार में नाइट स्टे किया।
प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ भी वीरवार को लुवास के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने आएंगे। स्थानीय विधायक एवं सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता शहर में ही होंगे। दीक्षांत समारोह के बाद सम्मान के तौर पर केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ जाएंगे।
एचएयू का गेट नंबर एक रहेगा बंद
लुवास में कार्यक्रम के चलते एचएयू का एक नंबर गेट बंद रखा जाएगा। मतगणना स्थल के पास स्थित होने के चलते इस गेट को सुरक्षा लिहाज से बंद किया जाएगा। एचएयू में प्रवेश के लिए गेट नंबर चार से इंट्री होगी। दीक्षांत समारोह में कार्ड दिखाकर ही इंट्री कर सकेंगे।